नेटवर्क महानगर/वाराणसी
भारत की सांस्कृतिक राजधानी कहलाने वाली काशी में उत्तर प्रदेश शासन की अनुमति के बाद भेलूपुर क्षेत्र स्थित जलकल विभाग के 20 एकड़ भूमि पर विश्व स्तरीय अर्बन पार्क बनाने की तैयारी जोरशोर से शुरू हो गई है। अर्बन पार्क के लिए लेआउट बनकर तैयार हो गया है और जिसमें दुनिया का सबसे बड़े 130 फीट ऊंचे शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, इस शिव थीम पार्क का टेंडर जारी हो चुका है और यह अगले 8 से 9 महीनों में बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा।
वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार, (9 जून) को बताया कि 100 करोड़ की लागत से भेलूपुर में विश्वस्तरीय अर्बन पार्क स्थापित होगा। जिसमें दुनिया का सबसे बड़ा ‘शिवलिंग’ भी स्थापित करने की तैयारी है। इसके लिए निर्माण कार्य और स्थापना कार्य को लेकर बैठक हुई है। इसके साथ ही पार्क में घूमने आने वाले लोगों के आकर्षण के लिए काशी की विभूतियों की जानकारी शिलापट्ट पर लगाई जाएगी। पद्म पुरस्कार से सम्मानित हस्तियां भी जिसमें शामिल रहेगी।
नगर आयुक्त नागपाल ने बताया कि विश्व स्तरीय पार्क के निर्माण कार्य को सुचारू रूप से किए जाने पर इसे अगले वर्ष 2027 में मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। पार्क के लेआउट के अनुसार, लेजर शो, बच्चों के लिए हाईटेक झूले, ओपन आर्ट गैलरी, फूड कोर्ट और ओपन आर्ट गैलरी भी बनाया जा रहा है। सबसे ऊंचे शिवलिंग के चारों ओर श्रद्धालुओं के घूमने के लिए गोल रास्ता भी बनेगा। इस अद्भुत पार्क के निर्माण के बाद इसे देखने के लिए देश दुनिया से हजारों लाखों लोग वाराणसी आया करेंगे।
