नेटवर्क महानगर/वाराणसी
मिर्जामुराद थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को क्षेत्र के छतेरी मानापुर स्थित देशी शराब ठेके के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर निवासी 35 वर्षीय दशरथ कुमार पटेल को गांव की रहने वाली एक किशोरी से 6 साल तक ब्लैकमेल कर रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसी साल अप्रैल 2026 में युवती की शादी हो गई। शादी के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने जीवन की सबसे दर्दनाक सच्चाई को अपने पति के सामने साझा किया। पत्नी की आपबीती सुनकर पति ने उसका पूरा साथ दिया और न्याय की लड़ाई लड़ने का फैसला किया। पीड़ित युवती के पति ने सीधे पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गंभीर धाराओं के तहत केस रजिस्टर्ड हुआ और किशोरी के मुंहबोले चाचा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। आरोपी के खिलाफ थाना मिर्जामुराद में दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज था, पुलिस उसे तलाश रही थी।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2019 में जब वह नाबालिग थी और कोचिंग के लिए नियमित रूप से आती-जाती थी, उसी दौरान आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने पैथोलॉजी सेंटर पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे बदनाम करने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया। आरोपी ने कई वर्षों तक पीड़िता पर मानसिक दबाव बनाए रखा। वह फोन के माध्यम से संपर्क कर मिलने के लिए दबाव बनाता था और मना करने पर बदनाम करने की धमकी देता था। आरोप है कि इसी भय और ब्लैकमेलिंग के चलते वर्ष 2019 से 2025 के बीच अलग-अलग समय पर पीड़ित छात्रा के साथ उसकी बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबरन दुष्कर्म (रेप) की वारदात को अंजाम देता रहा और पीड़िता घुट-घुट कर इस जुल्म को सहती रही। पीड़िता ने सामाजिक दबाव, भय और मानसिक तनाव के कारण लंबे समय तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में परिस्थितियां बदलने पर उसने अपने परिजनों और पति को आपबीती घटना बताई। इसके बाद परिवार की सहमति से पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। शनिवार, (6 जून) को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
इस मामले में पुलिस उपायुक्त के सख्त निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी मुंहबोला चाचा दशरथ पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (चूंकि पीड़िता 2019 में नाबालिग थी) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है, पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
