varanasi sarnath police news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में एक महिला से चेन स्नेचिंग की हुई घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यहां परचून की दुकान से घर लौट रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाश ने सोने की चेन छीन ली। पीड़िता ने तत्काल डायल 112 और सारनाथ पुलिस को सूचना दी। यह घटना सारनाथ थाना क्षेत्र के हवेलिया चौराहा इलाके में हुई।
रामचंद्रमिशन हवेलिया चौराहा, सारनाथ निवासी सहारा सिंह पत्नी अखिलेश कुमार सिंह ने सारनाथ पुलिस को तहरीर में बताया कि 3 मई 2026 को शाम 8 बजे वह अपनी पड़ोसन के साथ परचून की दुकान से राशन का सामान लेकर घर लौट रही थीं। घर से कुछ दूरी पर हेलमेट पहने एक बाइक सवार युवक उनके पास आया और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। पीड़िता की लिखित शिकायत पर सारनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

अपर पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) लिपि नागयाच ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सारनाथ पुलिस ने हृदयपुर रिंग रोड इलाके से एक अंतर्जनपदीय लुटेरे को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूटी गई सोने की चेन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पकड़े गए लुटेरे की पहचान बबलू जायसवाल पुत्र शंकर प्रसाद जायसवाल, निवासी रोहित हॉस्पिटल भरलाई, थाना शिवपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
लिपि नागयाच ने बताया कि बबलू जायसवाल वाराणसी के कोतवाली, कैंट, लालपुर-पांडेयपुर और रोहनिया थाना क्षेत्रों में लूट के कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। छह माह पूर्व मऊ जनपद के सरायलखंसी थाने की टीम ने उसे डकैती के मामले में जेल भेजा था।
आरोपी 23 अप्रैल 2026 को मऊ जेल से जमानत पर रिहा हुआ था और उसके बाद उसने सारनाथ थाना क्षेत्र में इस चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इतना शातिर है कि वह घटना को अंजाम देने से पहले अपनी बाइक की नंबर प्लेट बदल देता था और अकेले ही लूटपाट कर फरार हो जाता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के दौरान बाइक के नंबर प्लेट पर मिट्टी का लेप लगा दिया था ताकि पहचान छिपाई जा सके। आरोपी छीनी गई चैन को किसी राहगीर को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10.320 ग्राम वजन की पीली धातु की चैन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
