AI चैटबॉट शुरू करने वाला UP का पहला शहर बना काशी! महापौर ने किया उद्घाटन..
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए वाराणसी नगर निगम ने काशीवासियों को एक बड़ा और ऐतिहासिक तोहफा दिया है। अब शहर के करीब 2.33 लाख भवन स्वामियों को अपना प्रॉपर्टी टैक्स (गृहकर, जलकर और सीवरकर) जमा करने के लिए नगर निगम के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे और न ही लंबी लाइनों में लगकर अपना समय बर्बाद करना होगा। नगर निगम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित एक बेहद एडवांस व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा की शुरुआत की है।
मैदागिन स्थित टाउनहॉल भवन में आयोजित नगर निगम सदन की एक बैठक के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार, 6 जून) को बटन दबाकर इस एआई-आधारित चैटबॉट (WhatsApp Chatbot) सुविधा का विधिवत उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक सेवा को लागू करने के साथ ही वाराणसी उत्तर प्रदेश का ऐसा पहला नगर निगम बन गया है, जिसने व्हाट्सएप के माध्यम से टैक्स भुगतान की इतनी सरल और पारदर्शी व्यवस्था शुरू की है।
इस मौके पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जनता के लिए फायदों की घोषणा करते हुए बताया कि नगर निगम भवन स्वामियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दे रहा है। इसके साथ ही, Digital Transaction को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जो भी भवन स्वामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का ऑनलाइन या व्हाट्सएप के माध्यम से टैक्स भुगतान करेंगे, उन्हें 2 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। यानी कुल मिलाकर करदाताओं को 12 प्रतिशत की सीधी राहत मिलेगी।
स्वतंत्रता सेनानियों और पद्म पुरस्कार विजेताओं को 50% की छूट!
इस बार नगर निगम ने सामाजिक सरोकार और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए एक विशेष व्यवस्था की है। शहर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और ‘पद्म पुरस्कार’ (पद्म श्री, पद्म भूषण, पद्म विभूषण) से सम्मानित विभूतियों को गृहकर, जलकर और सीवर कर में पूरे 50 प्रतिशत की भारी छूट दे रही है।
इसके अलावा, नगर आयुक्त ने उन करदाताओं के संशय को भी दूर किया जिन्होंने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच अपना टैक्स जमा कर दिया था। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऐसे करदाताओं की छूट वाली राशि को अगले वित्तीय वर्ष के बिल में समायोजित (Adjust) कर दिया जाएगा। उन्होंने सभी सम्मानित काशीवासियों से अपील की है कि वे समय रहते इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं और अपने करों का भुगतान करें।
जानें- कैसे सिर्फ एक ‘Hi’ से स्क्रीन पर होगा आपका बिल!
व्हाट्सएप के जरिए टैक्स जमा करने की प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है।
सबसे पहले भवन स्वामियों को अपने मोबाइल में नगर निगम का आधिकारिक नंबर 86018 72601 सेव करना होगा।
इस नंबर पर व्हाट्सएप से सिर्फ ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा।
संदेश भेजते ही एआई चैटबॉट सक्रिय हो जाएगा और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
कुछ ही सेकंड में आपका टैक्स बिल मोबाइल स्क्रीन पर आ जाएगा, जहां दिए गए लिंक से तत्काल भुगतान कर डिजिटल रसीद भी डाउनलोड की जा सकती है।

15 जुलाई तक टैक्स जमा करने पर 10% की बंपर छूट!

