राजेश जायसवाल/वाराणसी
भारत की सांस्कृतिक राजधानी ‘काशी’ में अब आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए वाराणसी पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। यहां रात के समय सफर करने वाले मुसाफिरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे के बीच एक नए अत्याधुनिक ”पुलिस सहायता केंद्र” (Police Help Desk) की शुरुआत की गई है।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार, (6 जून) को इस केंद्र का फीता काटकर आधिकारिक उद्घाटन किया। यह नया पुलिस सहायता केंद्र शहर के सबसे व्यस्त और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर बनाया गया है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे का मध्य मार्ग होने के कारण इस रूट से रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और आम यात्री गुजरते हैं। देर रात या तड़के ट्रेन और बस से उतरने वाले यात्रियों को अब सुरक्षा के लिहाज से किसी भी अप्रिय स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एक और बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि वाराणसी कमिश्नरेट में महिलाओं की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पहले से संचालित सभी ”पिंक बूथों” का कायाकल्प (अपग्रेडेशन) किया जा रहा है। इन बूथों को आधुनिक सुविधाओं से लैस और साधन-संपन्न बनाया जा रहा है ताकि महिलाएं बिना किसी झिझक के अपनी अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकें और उन्हें त्वरित न्याय मिल सके। आपातकालीन स्थिति में महिलाएं यहां सुरक्षित महसूस कर सकें। इन केंद्रों पर (24 घंटे) महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

नए पुलिस सहायता केंद्र की मुख्य विशेषताएं!
24/7 मुस्तैदी: यह सहायता केंद्र दिन-रात यानी (24 घंटे) पूरी तरह सक्रिय रहेगा। किसी भी आपातकालीन स्थिति या अनहोनी पर यहां तैनात पुलिसकर्मी तत्काल रिस्पॉन्स करेंगे।
सीसीटीवी और पेट्रोलिंग से अभेद्य सुरक्षा: केंद्र के आसपास के पूरे इलाके को सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही इस पूरे रूट पर पुलिस की पैदल और वाहन पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी।
असामाजिक तत्वों पर कड़ा प्रहार: उद्घाटन के दौरान मीडिया से बात करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सख्त लहजे में कहा कि यात्रियों के साथ बदसलूकी, ओवरचार्जिंग या किसी भी प्रकार की अनैतिक व असामाजिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त शुभम कुमार एवं इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा व रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी विकास सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
