varanasi news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी की रामनगर पुलिस ने एक किशोरी के अपहरण मामले का सफल खुलासा करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी और गिरफ्तारी की यह कार्रवाई बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में की गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के पर्यवेक्षण में रामनगर पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक, 30 मई को किशोरी के पिता ने थाना रामनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक रामनगर ने विशेष टीम गठित कर किशोरी की तलाश शुरू कराई। सर्विलांस सेल और मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए किशोरी का पता लगाया। जांच के दौरान पता चला कि किशोरी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में है।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन मेहसी, पूर्वी चंपारण (बिहार) से नाबालिग किशोरी को महिला पुलिसकर्मी की उपस्थिति में सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मामले में आरोपी अमन कुमार निवासी बहुआरा गोपी सिंह, थाना राजेपुर, पूर्वी चंपारण, बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया।
