Gujarat Panchmahal Pavagadh
नेटवर्क महानगर
गुजरात के पंचमहल जिले में पावागढ़ पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध मंदिर में एक बड़ा हादसा हो गया। यह मंदिर शक्तिपीठ के रूप में जाना जाता है और हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब निर्माण कार्य के लिए सामग्री ले जा रही एक ट्रॉली रोपवे से नीचे गिर गई। पुलिस ने बताया कि ट्रॉली की केबल टूट गई थी, जिससे वह सीधे नीचे जा गिरी। इस घटना में 6 लोगों की जान चली गई और कुछ अन्य घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ, जब निर्माण सामग्री को ऊपर ले जाया जा रहा था। पंचमहल के डीएसपी डॉ. हर्ष दुधात ने बताया कि अचानक रोपवे की रस्सी टूटने से यह दुर्घटना हुई। हादसे में 2 लिफ्ट ऑपरेटरों, 2 मजदूरों और 2 अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 2 ऑपरेटर, 2 कर्मचारी और 2 अन्य शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के सभी बड़े अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। पंचमहल के डीएम ने भी 6 लोगों के मरने की पुष्टि की है। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
