रिया चक्रवर्ती ने बढ़ाया कोरोना पीड़ितों के लिए मदद का हाथ, बोलीं- कोई भी जरूरत हो मुझे मैसेज करिए...मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगी
मुंबई: कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप देशभर में दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। हर दिन लाखों लोग इस वायरस की चपेट में आ रहे हैं। देश में बढ़ते कोविड मरीजों की संख्या को देखते हुए कई स्टार्स ने भी लोगों की मदद का बीड़ा उठा लिया है। एक्टर सोनू सूद तो लंबे समय से अपने सामाजिक कार्यों को लेकर चर्चा में रहते ही हैं। वहीं कुछ दिन पहले सुष्मिता सेन ने भी ऑक्सीजन की किल्लत देख मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए थे। अब इस कड़ी में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती का नाम भी जुड़ गया है।
रिया चक्रवर्ती ने जरूरतमंदों की सहायता के लिए एक पहल की है। ‘जलेबी’ एक्ट्रेस ने अपने इंस्टा अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर की। इस स्टोरी में उन्होंने लोगों की मदद करने के लिए अपनी इच्छा जाहिर की है।
इस पोस्ट में रिया ने लिखा- ‘मुश्किल दौर में एकता काम आती है, जिनकी भी आप मदद कर सकते हैं, जरूर कीजिए। मदद तो मदद होती है चाहे वह छोटी हो या बड़ी। यदि मैं किसी भी तरह की मदद कर सकती हूं तो मुझे जरूर मैसेज कीजिए, मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगी। इस वक्त में अपना ध्यान रखिए, विनम्र बनिए, आपके लिए प्यार और भगवान सभी को शक्ति दें।’
यहाँ बता दें कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से रिया चक्रवर्ती सोशल मीडिया से बिलकुल गायब हो गई थीं लेकिन वो बीते कुछ दिनों से काफी सक्रिय नज़र आ रही हैं। इस बीच रिया का यह पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। हालांकि, सुशांत के फैंस रिया को खास पसंद नहीं करते हैं। रिया की गतिविधियों पर अक्सर उन्हें ट्रोल ही किया जाता है।
काम की बात करें तो रिया चक्रवर्ती फिल्म ‘चेहरे’ में नजर आएंगी। फिल्म में महानायक अमिताभ बच्चन, इमरान हाशमी, अन्नू कपूर, रघुबीर यादव लीड रोल में होंगे। फिल्म का निर्देशन रूमी जाफरी कर रहे हैं।
