चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीति आदित्य ठाकरे ने की अरविंद केजरीवाल से मुलाकात, जानिए- क्या हुई बात? 13th February 2025 networkmahanagar 🔊 Listen to this नेटवर्क महानगर महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और (शिवसेना) उद्धव बालासाहेब ठाकरे के विधायक आदित्य ठाकरे दिल्ली के दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार (13 फरवरी) को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ सांसद संजय राउत, प्रियंका चतुर्वेदी, अरविंद सावंत और संजय दीना पाटिल भी मौजूद रहे। सूत्रों की मानें तो दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के लग रहे आरोपों के मुद्दे पर चर्चा हुई। वोटर लिस्ट में एडीशन और डिलीशन के मुद्दे पर और ECI (चुनाव आयोग) की भूमिका पर भी चर्चा हुई। क्या है विपक्षी दलों का आरोप? विपक्षी दलों का आरोप है कि लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र में पांच महीनों में 39 लाख मतदाता जुड़े, जबकि पिछले 5 सालों में 32 लाख मतदाता जुड़े थे। आदित्य ठाकरे ने कहा, कल राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी। आज अरविंद केजरीवाल से बात हुई है। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी सांसदों को सोचना चाहिए कि हमारा अगला कदम क्या होगा, क्योंकि हमारे लोकतंत्र में इलेक्शन अब फेयर और निष्पक्ष नहीं रह गए हैं। युवा ठाकरे ने आगे कहा कि केजरीवाल ने 10 साल में बहुत काम किए हैं, जिन्हें जनता जानती है। भाजपा को चुनाव आयोग का आशीर्वाद था, इसी वजह से दिल्ली में जीती है। उसे चुनाव आयोग का आभार करना चाहिए। दिल्ली में काफी जगह वोट काटे गए थे, चुनाव आयोग ने लोगों से वोट डालने का अधिकार छीना है। उन्होंने दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को लगे झटके पर कहा, सरकारें आती जाती रहती हैं, फिर आएंगी, रिश्ता बना रहता है। इस चुनाव में चुनाव आयोग का बहुत बड़ा हाथ था। परिणाम का एनालिसीस तो होगा, लेकिन जो वोट काटे गए उस पर विचार जरूरी है। मीटिंग में दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव और विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक के भविष्य पर चर्चा की। हमने कहा है कि इस पर स्ट्रेटेजी बने, चुनाव आयोग इस पर बात करने के लिए तैयार नहीं है। फिलहाल, आदित्य ठाकरे-राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल की मुलाकात कई मायनों में अहम मानी जा रही है। संजय सिंह ने क्या कहा? वहीं, आप के सांसद संजय सिंह ने कहा कि हम शिवसेना उद्धव गुट के आभारी हैं कि वो आज मिलने आए थे। रिश्ते की मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे। हम देश के लिए काम करते रहेंगे। हमारी चुनावी गड़बड़ियों पर बातचीत हुई। Post Views: 27