नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले के भिवंडी में मुंबई-नासिक हाईवे पर दोहले गांव के पास शनिवार की सुबह दो वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पडघा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मामले की जांच कर रहे पुलिसकर्मी ने शनिवार को बताया कि आज सुबह राजेश अधिकारी (39) अपनी बेटी वेदिका अधिकारी (11) के साथ मंदिर में दर्शन कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। दोहले गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दिया। इस घटना के बाद पिता-पुत्री दोनों ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। घटना की छानबीन जारी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। राजेश अधिकारी शाहपुर तहसील के सरलम्बे गांव के निवासी थे, उनके मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में शोक का माहौल है।
