नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के प्रसिद्ध ”लालबागचा राजा पंडाल” के पास आज सुबह एक भीषण कार एक्सीडेंट हुआ। इस दुर्घटना में दो साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई और एक नाबालिग लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शनिवार की सुबह लालबागचा राजा पंडाल के मुख्य द्वार के पास हुई भीषण कार दुर्घटना में दो साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 11 साल का एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना आज तड़के चार बजे की है।
पुलिस ने बताया कि गलत दिशा में तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने पंडाल के मुख्य द्वार के सामने सड़क किनारे से जा रहे बच्चों को टक्कर मार दी। इस घटना में दो साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बच्ची की पहचान चंद्रा वजंदर के रूप में हुई है। वहीं, लड़के शैलू वजंदर (11) को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुट गई है।
