ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

महाराष्ट्र सरकार का बड़ा ऐलान- गोविंदाओं को मिलेगा 10 लाख रुपये का बीमा सुरक्षा कवच

मुंबई: महाराष्ट्र समेत पूरे मुंबई में दही-हांडी उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस उत्सव में बड़ी संख्या में युवा गोविंदा हिस्सा लेते हैं। इस दिन मिट्टी के हांडी में दही भरकर ऊपर रस्सी पर लटका दिया जाता है। वहीं, गोविंदाओं की टोली अपना जान जोखिम में डालकर पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकी दही की मटकी को तोड़ते हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने दही-हांडी उत्सव के लिए गोविंदाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। दही हांडी के दिन मानव पिरामिड बनाते समय हादसे अथवा दुर्घटना में गोविंदाओं की मौत होने पर सरकार 10 लाख रुपए की बीमा राशि देगी।

75 हजार गोविंदाओं का कराया जाएगा बीमा
दोनों अंगों अथवा दोनों आंखों को गंवाने वाले गोविंदाओं को भी 10 लाख रुपए का बीमा कवर मिलेगा। महाराष्ट्र राज्य सरकार के खेल विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। सरकार ने बताया कि राज्य में 75 हजार गोविंदाओं को बीमा कराया जाएगा। साथ ही बताया गया कि दही हांडी में एक हाथ, एक पैर अथवा एक आंख गंवाने पर 5 लाख रुपए तक का बीमा का लाभ मिलेगा। हादसे में इलाज के लिए गोविंदाओं को अधिकतम एक लाख रुपए तक की मदद मिल सकेगी।

27 अगस्त को है दही-हांडी उत्सव
मालूम हो कि दही हांडी उत्सव 27 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में दाही हांडी उत्सव का आयोजन होता है। इस उत्सव में बड़ी संख्या में युवा लोग हिस्सा लेते हैं। फिल्म सेलिब्रिटी और नेता लोग दही हांडी उत्सव का उद्घाटन करते हैं।

जन्माष्टमी पर मनाया जाता है ये त्योहार
कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ दिन पर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाता है। कृष्ण जन्माष्टमी पर मनाए जाने वाले लोकप्रिय सांस्कृतिक खेलों में से एक दही-हांडी है। दही-हांडी महाराष्ट्र में मनाए जाने वाले सबसे बड़े त्योहारों में से एक है। ये त्यौहार भगवान कृष्ण की जीवनशैली को याद करने के लिए मनाया जाता है।