ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर से टकराई तीर्थयात्रियों की बस, 5 की मौत; 7 गंभीर घायल

ठाणे: मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर सोमवार की देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें से तीन डोंबिवली के निवासी थे। ये श्रद्धालु पंढरपुर की यात्रा पर निकले थे। मृतकों में डोंबिवली के घेसरगांव की 70 वर्षीय हौसाबाई पाटील, नेवाली गांव के 65 वर्षीय रामदास नारायण मुकादम, और नारिवली गांव के 70 वर्षीय गुरुनाथ महाराज पाटील शामिल हैं।
दुर्घटना में घायल हुए अन्य श्रद्धालुओं को नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं का वाहन अनियंत्रित होकर एक अन्य वाहन से टकरा गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस दु:खद हादसे से डोंबिवली और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। सीएम एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

कैसे हुआ ये हादसा?
ठाणे जिले के डोंबिवली इलाके से चार यात्री बस में सवार थे और वे आषाढी एकादशी मनाने (भगवान विठ्ठल की पूजा) पंढरपुर के लिए निकले थे। बस जब मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पहुंची तो एक बस जिसमें 54 लोग सवार थे, वो ट्रैक्टर से टकरा गई और 20 फीट गहरी खाई में गिर गई।
पुलिस ने बताया कि बस और ट्रैक्टर की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस सवार 42 अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घटना सोमवार रात 12.30 बजे की है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।