दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- झूठों के सरदार हैं मोदी और शाह

मुंबई: कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र प्रदेश प्रभारी मल्लिकार्जुन खडगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को झूठों का सरदार करार दिया है। खडगे ने कहा कि मैं नौजवानों से अपील करता हूं कि वे मोदी और शाह के बातों में न आए। ये सब झूठों के सरदार हैं। झूठी बातें बोल-बोल कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। झूठ बोलकर युवाओं का वोट बटोर लिया। शनिवार को कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी की ओर से ‘भारत बचाओ-संविधान बचाओ’ के संदेश के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च अगस्त क्रांति मैदान से गिरगांव चौपाटी के पास स्थित लोकमान्य तिलक की प्रतिमा तक निकाला गया।
खडगे ने कहा कि भाजपा कहती है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी झूठे हैं पर मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि आपने जो वादा किया था उसको कभी पूरा किया क्या? झूठ तो भाजपा ने बोला। खडगे ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान शाह ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) और संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) लागू करने की बात कही थी। लेकिन अब मोदी कह रहे हैं कि हमने यह बात नहीं कही है। खडगे ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री यहां के लोगों को पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं। 70 साल में कभी किसी ने यह बात नहीं कही थी। खडगे ने कहा कि भाजपा देश में अराजकता फैला रही है। भाजपा की ओर से संविधान बदलने की कोशिश हो रही है। सीएए की जरूरत नहीं थी। लेकिन नागरिकता कानून में संशोधन करके लोगों को तंग करने, समाज में फूट डालने और दो धर्मों के बीच झगड़ा लगाने की कोशिश की जा रही है।
इस दौरान खडगे ने नोटबंदी, जीएसटी और बेरोजगारी के मुद्दे केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मोदी हमेशा पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया। मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि अगर कांग्रेस ने कुछ नहीं किया होता तो आप प्रधानमंत्री की कुर्सी तक नहीं पहुंच पाते। कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाई और संविधान बनाया। इसलिए केंद्रीय गृह मंत्री की कुर्सी पर अमित शाह बैठे हैं। कांग्रेस ने आपको पाला और पोसा है। पेट को खाना नहीं था। हमने खाना दिया है।
खडगे ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस मुक्त भारत की बात कही थी लेकिन कांग्रेस मुक्त नहीं हुई है बल्कि धीरे-धीरे कई राज्यों में कांग्रेस सत्ता में लौट रही है। हर राज्य में कांग्रेस का निशान दिख रहा है और भाजपा का कमल मुरझा रहा है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात, पीडब्लूडी मंत्री नितीन राऊत, कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुशील कुमार शिंदे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण समेत पार्टी के विधायक व पदाधिकारी मौजूद थे।