सऊदी अरब के पूर्वी तटीय क्षेत्र रास तनूरा में रविवार, (28 जून) को एक बड़ा विमानन हादसा हुआ। यहां देश की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको की तरफ से संचालित एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे की पुष्टि सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने की है। घटना के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) के मुताबिक, हेलीकॉप्टर रविवार सुबह करीब 6 बजे रास तनूरा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि हेलीकॉप्टर में मौजूद किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बच सकी। ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि मृतकों में सभी सऊदी नागरिक थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, राहत एवं बचाव दल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
फिलहाल, ये साफ नहीं हो पाया है कि हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी, मौसम संबंधी कारणों या किसी अन्य वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
सऊदी अरामको दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में गिनी जाती है और ऊर्जा क्षेत्र में इसकी अहम भूमिका है। कंपनी के हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल अक्सर तेल और गैस प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, कर्मचारियों के आवागमन और अन्य परिचालन कार्यों के लिए किया जाता है। हालांकि, इस हेलीकॉप्टर की उड़ान का मकसद क्या था, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
ऊर्जा मंत्रालय ने हादसे पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मंत्रालय ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस बीच संबंधित जांच एजेंसियों को दुर्घटना के हर पहलू की जांच के निर्देश दिए गए हैं। विमानन विशेषज्ञ हेलीकॉप्टर के तकनीकी रिकॉर्ड, उड़ान संबंधी जानकारी और मौसम की स्थिति का भी विश्लेषण करेंगे।
