ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: CM कार्यालय के नाम पर व्यापारियों को चूना लगाने वाले शख्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई: खुद को मुख्यमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताकर खरीदारी के नाम पर व्यापारी को 82 हजार रुपए से ज्यादा का चूना लगाने वाले एक आरोपी को डीबी मार्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। किसी को शक न हो इसलिए आरोपी एक नौसेना के अधिकारी के घर में किराए पर रहता था। आरोपी ने फोन कर ऑनलाइन सौदा किया था और दुकानदार के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर होने के फर्जी संदेश भेजकर उनका भरोसा जीता था। पुलिस को शक है कि आरोपी ने कई व्यापारियों को इसी तरह चूना लगाया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम भालिंदर पाल सिंह है। पुलिस ने सिंह को नवी मुंबई के खारघर इलाके से गिरफ्तार किया है जहां वह किराए के घर में रहता था। सिंह मूल रूप से चंडीगढ़ का रहने वाला है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सूर्यकांत बांगर ने बताया कि सिंह ने लैमिंगटन रोड के एक व्यापारी को फोन कर दावा किया कि वह मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से बोल रहा है। उसने व्यापारी से कहा कि 49 हजार रुपए का आईफोन और 33500 रुपए का लैपटॉप चाहिए। पैसे व्यापारी के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कहते हुए उसके बैंक खाते से जुड़ी जानकारी ले ली। इसके बाद आरोपी ने व्यापारी के मोबाइल पर एक फर्जी संदेश भेजा जिससे लगे कि पैसे उसके खाते में ट्रांसफर हो गए। बाद में उसने व्यापारी को कहा कि वह एक शख्स को दुकान से सामान लेने के लिए भेज रहा था। आरोपी ने एक ओला कार बुक की और उसके ड्राइवर को दुकान से सामान लाने के लिए भेज दिया। आरोपी ने फोन करने के लिए जिस सिमकार्ड का इस्तेमाल किया था वह फर्जी नाम से खरीदा गया था और ठगी के बाद उसे बंद कर दिया गया था। लेकिन शिकायत मिलने के बाद डीबी मार्ग पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और ठगी के लिए इस्तेमाल सिमकार्ड के आखिरी लोकेशन और दूसरी जानकारियां इकठ्ठा करते हुए आरोपी को दबोचने में सफल रहे। बांगर ने बताया कि आरोपी कोई और काम नहीं करता और सिर्फ व्यापारियों को इसी तरह चूना लगाकर ऐशोआराम की जिंदगी बसर करता है। आरोपी के हाथों ठगी के शिकार हुए दूसरे आरोपियों के बारे में जानकारी इकठ्ठा की जा रही है।