उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

वाराणसी में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी एक किशोर पुलिस हिरासत में, दूसरे की तलाश

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। दो किशोरों ने एक किशोरी के साथ दरिंदगी की। पुलिस ने आरोपी एक किशोर को हिरासत में लिया है। वहीं दूसरे किशोर की तलाश की जा रही है। घटना जनपद के सारनाथ थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 
सारनाथ थाना क्षेत्र की पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को वह काम पर गई थी। जब वापस घर आई तो उसकी बेटी घर पर नहीं थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी कहीं पता नहीं चला। परिजन किशोरी की तलाश में जुटे थे। इसी बीच शक्रवार को किशोरी किसी तरह घर पहुंची। उसने परिजनों को आपबीती सुनाई।
किशोरी का आरोप है कि गांव का ही एक 14 वर्षीय किशोर अपने दोस्त के साथ उसे बहला-फुसलाकर ले गए। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं शोर मचाने पर उसने किशोरी को मारा पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सारनाथ भूपेश राय ने बताया कि आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक नामजद किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं दूसरे अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल मुआयना कराया जा रहा है।