नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में एक ओर जहां एफडीए कमिश्नर (अन्न व औषध प्रशासन) तुकाराम मुंढे के कड़े रुख और लगातार मिलावटखोरी को लेकर हो रही छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंप मचा है। वहीं, दूसरी ओर हाथ में गवर्नमेंट ऑफ इंडिया की फर्जी आईडी, विजिटिंग कार्ड और जुबान पर एफडीए अधिकारी होने का दावा कर व्यापारियों को डरा-धमकाकर मोटी रकम वसूलने वाले एक आरोपी को वसई की माणिकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है, आरोपी का नाम विजय जाधव है।
क्या है पूरा मामला?
वसई में ‘न्यू मोरबी स्वीट्स एंड फरसाण’ (New Morbi Sweets & Farsan Mart) नामक दुकान पर खुद को एफडीए (FDA) अधिकारी बताकर विजय जाधव द्वारा 6 लाख रुपये की रंगदारी (ठगी) वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माणिकपुर पुलिस ठाणे में रोहित सुखड़िया नामक व्यापारी की शिकायत पर विजय जाधव, स्वाती तुळसकर, तेजस राठोड और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ धोखाधड़ी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी विजय जाधव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विजय जाधव, व्यापारी रोहित सुखड़िया की दुकान में घुसे और कहा कि दुकान में मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे हैं। इसके बाद उसने व्यापारी को डराने के लिए फर्जी विजिटिंग कार्ड और आईडी भी दिखाए। एफडीए अधिकारी के नाम पर दुकान को सील करने और मीडिया में बदनामी की धमकी देकर पहले 12 लाख रुपये मांगे और बाद में 6 लाख रुपये पर समझौता कर पूरी रकम ऐंठ ली। मामला सामने आने के बाद माणिकपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपियों (विजय जाधव और स्वाती) के खिलाफ इससे पहले मुंबई के बोरीवली पुलिस स्टेशन में भी इसी तरह का धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है।
