नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस ने गोरेगांव पूर्व स्थित ‘फिल्म सिटी’ के बॉलीवुड पार्क में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के दौरान हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात को सुलझा लिया है। यहां बीते दिनों भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच की आड़ में चोरों ने बॉलीवुड पार्क के ऑफिस से लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने यहां से 5 लाख रुपये चोरी किए। इस मामले की जांच कर रही डिंडोशी पुलिस ने तीन पूर्व कर्मचारियों को मुंबई के अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया। ये तीनों कर्मचारी डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल करके ऑफिस में घुसे और कैश पेटी से पैसे चुराकर फरार हो गए। क्योंकि यह पहले बॉलीवुड पार्क में काम कर चुके हैं, इसलिए इन्हें पता था कि पैसे कहां रखे जाते हैं। इसी बात का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है।
भारत-पाक मैच की आड़ में दिया चोरी को अंजाम
डिंडोशी पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, चोरी 14 सितंबर की रात को हुई थी, जब अधिकतर लोग भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच देख रहे थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हुसैन भट्ट (बस क्लीनर), अभिषेक परदे (बस कंडक्टर) और एक अन्य अभिषेक के रूप में हुई है। यह तीनों पहले एक साथ इस ऑफिस में काम करते थे। उन्हें इस बात की जानकारी थी कि कैश कहां रखा जाता है। चोरों को यह भी पता था कि ऑफिस के पहले दरवाजे पर कोई कैमरा नहीं लगा है, इसलिए उन्होंने बेफिक्र होकर चोरी को अंजाम दिया।
चोरी के पैसे खरीदते थे ड्रग्स, कचरे में छुपाकर रखते थे पैसे!
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में हुसैन भट्ट बस क्लीनर है, जबकि अभिषेक परदे बस कंडक्टर है। एक अन्य आरोपी की पहचान भी अभिषेक के तौर पर हुई हैं। तीनों ने करीब 3 महीने पहले नौकरी छोड़ी थी, इसलिए उन्हें फिल्म सिटी की सिक्योरिटी और कैश कलेक्शन की पूरी जानकारी थी। आरोपियों ने 7 सितंबर से 14 सितंबर तक जमा हुए लगभग 5 लाख रुपये चोरी किए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए इनके पास से करीब ढाई लाख रुपये जब्त किए हैं। पुलिस ने आगे जानकारी दी कि बाकी पैसे आरोपियों ने ड्रग्स और मौज-मस्ती पर उड़ा दिए। पुलिस ने ये भी बताया कि आरोपी चोरी के पैसे सार्वजनिक शौचालय के पीछे कचरे में छुपाकर रखते थे। फिलहाल, दिंडोशी पुलिस ने बीएनएस की धारा 380 और 457 के तहत उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को 21 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
