नेटवर्क महानगर/पालघर
पालघर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नालासोपारा (पूर्व) के पेल्हार इलाके में स्थित रशीद कंपाउंड में छापा मारकर 6 महीने से गुप्त रूप से नशीला पदार्थ बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। तिलक नगर पुलिस थाने की नारकोटिक्स टीम ने रविवार देर रात यहां छापा मारकर करीब 13 करोड़ 45 लाख 43 हजार की एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग और कच्चा माल बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 5 पुरुष और 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी, रशीद कंपाउंड में लंबे समय से ड्रग्स निर्माण का अवैध धंधा चला रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां रासायनिक पदार्थों के ज़रिए एमडी (मेथाड्रोन) तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर छापा मारा और फैक्ट्री में चल रही गतिविधियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जब्त किए गए ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये बताई जा रही है। यह पूरी कार्रवाई ज़ोन-6 के पुलिस उपायुक्त (DCP) समीर शेख के मार्गदर्शन में और एसीपी तथा तिलक नगर पुलिस की विशेष नारकोटिक्स टीम की देखरेख में की गई। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पताने लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग्स की सप्लाई किन नेटवर्कों तक होती थी। पुलिस ने बताया कि यह फैक्ट्री टोल्किन परिसर में चल रही थी, जहां पर एमडी (मेफेड्रोन) का उत्पादन कर उसे इसे कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था।
