supriya sule
नेटवर्क महानगर/मुंबई
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट को लेकर एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि हम चाहते हैं कि देश के गृह मंत्री बताएं कि क्या और कैसे हुआ है? जब तक सरकार की तरफ से जवाब नहीं आ जाता है तब तक हमें इंतजार करना चाहिए।
सुप्रिया सुले ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि जब भी राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला होता है, चाहे कोई भी सरकार सत्ता में हो, हम हमेशा सरकार के साथ खड़े होते हैं। हमारी अपेक्षा है कि इस देश के गृह मंत्री देश को बताएं कि वास्तव में क्या हुआ था।
उन्होंने आगे कहा कि चूंकि संसद सत्र शुरू होगा, हम इस पर विस्तृत चर्चा की मांग करेंगे कि यह एक खुफिया विफलता थी या नहीं? जब तक गृह मंत्रालय पूर्ण प्रतिक्रिया नहीं देता, मेरा मानना है कि हम सभी को इंतजार करना चाहिए और देखना चाहिए कि सरकार क्या जवाब देती है। हम इसका इंतजार कर रहे हैं।
पहलगाम हमले के समय भी हम सरकार के साथ थे
सांसद सुप्रिया सुले ने ये भी कहा कि पहलगाम में जब हमला हुआ और उसके बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय शरद पवार ने पहला बयान ये दिया था कि हम सरकार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा होता है तो हम कभी भी सरकार के खिलाफ नहीं होते हैं।
सपा नेता आजमी बोले- जो लोग इसमें शामिल हैं उन्हें 6 महीने के अंदर फांसी दें
महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अबू आसिम आजमी का भी बयान सामने आया है। लखनऊ में उन्होंने कहा कि हम देख रहे हैं कि जब चुनाव होता है तो इस तरह की चीज होती है इसकी जांच होनी चाहिए। सपा विधायक आजमी ने ये भी कहा कि जो लोग बलास्ट में शामिल हैं, उन्हें पकड़कर 6 महीने के अंदर फांसी देनी चाहिए। मुबई में जो ट्रेन में हमला हुआ था उसमें निर्दोष लोग पकड़े गये थे, ऐसा इस केस में नहीं होना चाहिए।
सपा नेता आजमी ने आगे कहा कि जुल्म और नाईइंसाफी से आतंकवाद पैदा होता है। आतंकवाद को खत्म किया जाना चाहिए। दिल्ली में बलास्ट होना मतलब सरकार की चूक है।
सीएम फडणवीस ने क्या कहा?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली में हुए विस्फोट को दिल दहला देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इस दु:खद घटना पर मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायल जल्द स्वस्थ हों।
शरद पवार ने भी जताया दु:ख
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने विस्फोट में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया और केंद्र से घटना की गहन जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने लाल किले जैसे संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना को ‘अत्यंत चिंताजनक’ बताते हुए विस्तृत जांच की मांग की। शरद पवार ने पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री आमित शाह से इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश देने का आग्रह किया और कहा कि जांच के निष्कर्षों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए और केंद्र और राज्य सुरक्षा एजेंसियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
कठिन समय में हम पीड़ित परिवार के साथ: अजित पवार
वहीं, इस घटना को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि कीमती जिंदगियों का जाना पूरी तरह से हृदय विदारक है। उन्होंने कहा, हम इस कठिन समय में उन परिवारों के साथ खड़े हैं और इस भयानक त्रासदी में घायल हुए लोगों के लिए अपनी प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं भेजते हैं।
