नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले के मानपाड़ा में आज़ाद नगर की मद्रास चॉल में शुक्रवार (10 जुलाई) दोपहर हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। यहां कंस्ट्रक्शन के काम के दौरान पहले फ्लोर की गैलरी का एक हिस्सा अचानक भर-भराकर बगल के घर पर गिर गया, जिससे मलबे में नीचे एक महिला और दो बच्चे दब गए, इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मद्रास चॉल के तीन घर खाली करा दिए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे तीन लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, सिविल अस्पताल ले जाते समय 12 साल के जयकुमार जायसवाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में उर्मिला जायसवाल (30) और 8 साल के विनीत कुमार जायसवाल घायल हो गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत पर लगातार नज़र रखी जा रही है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि मद्रास चॉल 25 साल से ज़्यादा पुरानी है और बन रहा हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके का मुआयना किया और यह पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की कि कंस्ट्रक्शन के काम के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं की गई।
फिलहाल, घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और गुस्सा है। लोगों का कहना है कि पुरानी इमारतों में कंस्ट्रक्शन के काम के दौरान सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। फायर डिपार्टमेंट के डिप्टी कमिश्नर दिनेश तायडे ने कहा कि राहत और बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है और अब हादसे के कारणों की पूरी तरह से जांच की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मौके का दौरा किया है और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमों के मुताबिक, सख्त कार्रवाई की जाएगी।
