नेटवर्क महानगर/मुंबई
माहिम (प.) के एल जे रोड पर एक चौंकाने वाली और हिंसक घटना हुई। यहां सिर्फ सड़क के किनारे पेशाब करने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक व्यक्ति पर कांच की ट्यूबलाइट से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल पीड़ित ने मामले की शिकायत माहिम पुलिस थाने में दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जगदीश अशोक राठौड़ (38) 9 जुलाई 2026 की देर रात करीब 12:30 बजे अपनी पत्नी से मिलकर घर लौट रहे थे। इस दौरान एल जे रोड पर ‘द लिविंग रूम’ के सामने उन्हें लघुशंका (पेशाब) महसूस हुई, जिसके चलते वे गाड़ी की आड़ में किनारे खड़े होकर पेशाब करने लगे। उसी वक्त पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक अज्ञात व्यक्ति वहां आया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पीड़ित को धमकाने लगा। पीड़ित ने विनम्रता से माफी मांगते हुए वहां से जाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने हाथ में पकड़ी हुई कांच की ट्यूबलाइट से पीड़ित की बाईं पसलियों के नीचे जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद जब पीड़ित ने मदद के लिए चिल्लाया, तो वहां कुछ लोग जमा हो गए। यह देख आरोपी ने हाथ में टूटी हुई ट्यूबलाइट लेकर भीड़ को धमकाते और चिल्लाते हुए वहां से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जगदीश राठौड़ को उपचार के लिए बांद्रा स्थित भाभा अस्पताल ले गई, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पीले टी-शर्ट वाले उस हमलावर की पहचान की जा सके।
