नेटवर्क महानगर/मुंबई
भारतीय डाक विभाग (India Post) ने दिवाली के अवसर पर विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों और प्रियजनों तक पारंपरिक दिवाली फराल और उपहार पहुंचाने के लिए विशेष इंडिया पोस्ट अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा (ITPS) शुरू की है, इस सेवा को जोरदार जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है।
डाक विभाग की इस अनोखी पहल से दिवाली के फराल का स्वाद, घर का अपनापन और परिवार के स्नेह की यादें अब सात समंदर पार भी पहुंच रही हैं। शिक्षा, नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में विदेशों में रह रहे भारतीयों को दिवाली पर घर के बने फराल की कमी खलती है। इसी कमी को दूर करने के लिए डाक विभाग के महाराष्ट्र परिमंडल ने अक्टूबर माह से विशेष दिवाली फराल पार्सल सेवा शुरू की है। इस अभियान को नागरिकों की ओर से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है।
डाक विव12 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 की अवधि के दौरान परिमंडल में 8,000 से अधिक पार्सल बुक किए गए हैं। मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर और गोवा क्षेत्रों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मेल केंद्र, मुंबई तथा विदेश डाकघर (FPO), मुंबई का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन 10 देशों में सबसे ज्यादा पार्सल भेजे गए।
डाक विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष सबसे अधिक फराल पार्सल अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन, जापान, रूस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर और आयरलैंड भेजे गए हैं। प्रति पार्सल का औसत वजन लगभग 8 किलोग्राम रहा है। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि इस सेवा का लाभ उठाने के लिए वे अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क कर सकते हैं। इस पहल को मिले उत्कृष्ट प्रतिसाद के लिए महाराष्ट्र परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल रामचंद्र किसन जायभाये ने सभी नागरिकों और डाक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है।
