नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘मोदी फोबिया’ से ग्रस्त बताया है। एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी को जागते-सोते, उठते-बैठते सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही दिखाई देते हैं। जब तक वे प्रधानमंत्री का नाम नहीं लेते, तब तक न उनकी खबर बनती है और न ही वे मीडिया की सुर्खियों में रह पाते हैं।
एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फोन टैपिंग से जुड़े आरोपों पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी डूबती राजनीतिक नैया बचाने और चर्चा में बने रहने के लिए वे बेबुनियाद, मनगढ़ंत और बचकाने आरोपों का सहारा ले रहे हैं। उनके पास न कोई ठोस मुद्दा है, न विकास का विजन और न ही अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई सबूत।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ सबूत होने का दावा करते हैं, लेकिन उन्हें सामने नहीं लाते। रोज नए आरोप लगाना और नए नैरेटिव गढ़ना ही उनका काम रह गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ विपक्ष के नेता अपने बयानों से खुद ही अपनी किरकिरी करवा रहे हैं। शिंदे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन पर ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है।
हाल ही में राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास अपने आरोपों से जुड़े सबूत मौजूद हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राहुल गांधी के इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें ‘आदतन झूठा’ करार दिया है।
