नेटवर्क महानगर/पालघर
पालघर जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां विरार के पास अर्नाला समुद्र तट पर नहाने गए चार नाबालिग बच्चों में से दो बच्चे तेज लहरों में बह गए। बच्चों की उम्र 10 से 14 साल के बीच बताई जा रही है। ये सभी नालासोपारा के रहने वाले हैं और अर्नाला बीच घूमने पहुंचे थे। समुद्र में उतरने पर बच्चे तेज लहरों की चपेट में आ गए।
पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चे समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे और अचानक उठी तेज लहरों की चपेट में आ गए। उनमें से एक बच्चे को तुरंत मौके पर पहुंचकर कुछ स्थानीय लोगों ने तैरकर बचा लिया, लेकिन दो बच्चे लहरों के साथ आगे की तरफ बह गए। पुलिस टीम और लाइफगार्ड सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं लेकिन अभी तक दोनों लापता बच्चों का कोई अता-पता नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मॉनसून के मौसम में समुद्र तटों पर लहरें काफी खतरनाक हो जाती हैं। बिना लाइफगार्ड वाले इलाकों में बच्चों को अकेला छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है। बच्चों को समुद्र तट पर ले जाते वक्त ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। मॉनसून के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने अर्नाला समुद्र तट पर 30 सितंबर 2026 तक पानी में उतरने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया हुआ था। प्रशासन ने लोगों से कड़ाई से अपील की है कि वे सुरक्षा चेतावनियों का पालन करें, जिससे ऐसे हादसों को टाला जा सके।
