नेटवर्क महानगर/नवी मुंबई
नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा और साइबर सेल ने गाड़ियों का बीमा रिन्यू कराने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने महापे इलाके में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान प्रसाद तोडणकर, फैयाज नासिर और वैभव इंगले के रूप में हुई है। इस गिरोह ने अब तक कई लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है।
केंद्र सरकार के साइबर अपराध नियंत्रण कार्यक्रम और महाराष्ट्र साइबर से मिली टेक्निकल इनपुट्स के आधार पर नवी मुंबई पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को एनसीसीआरपी पोर्टल पर 145 ऐसी शिकायतें मिली थीं, जिनमें वाहन बीमा के नाम पर पैसे ऐंठने और पॉलिसी न देने का जिक्र था।जब पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण किया, तो महापे की टेक्नोसिटी इमारत में ‘लाइफ डील’ और ‘एआई ओशन इंटरप्राइजेज’ नाम से चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का पता चला।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जब पुलिस टीम ने इस जगह पर छापा मारा, तो वहां 32 युवक-युवतियां बतौर एजेंट काम करते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से धोखाधड़ी में इस्तेमाल हो रहे 8 सक्रिय सिम कार्ड, 26 मोबाइल फोन, 27 हार्ड डिस्क और 5 लैपटॉप समेत भारी मात्रा में माल जब्त किया है। इन सिम कार्ड्स के जरिए करीब 14 लाख 8 हजार 121 रुपये की ठगी का रिकॉर्ड सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ नवी मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का मानना है कि इस रैकेट का दायरा काफी बड़ा है और आने वाले दिनों में और कुछ गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
