राजेश जायसवाल/मुंबई
एंटॉपहिल पुलिस थाने की टीम ने 14 वर्षों से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ सत्र न्यायालय मुंबई द्वारा स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद युसुफ उर्फ विक्की मोहम्मद रफीक खान (36) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एंटॉपहिल पुलिस थाने में गु.र.क्र. 96/2012 के तहत भा.दं.सं. की धारा 307, 452, 324, 323, 143, 144, 146, 147, 148, 149 तथा मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 135 और शस्त्र अधिनियम की धारा 4, 25 के तहत गंभीर मामला दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पिछले 14 वर्षों से न्यायालयीन सुनवाई से बच रहा था और उसने अपना मूल निवास छोड़ दिया था। उसके वर्तमान ठिकाने के संबंध में कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली कि आरोपी धारावी क्षेत्र में फुटपाथ पर पुराने कपड़ों की बिक्री का व्यवसाय कर रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मानव खुफिया तंत्र और तकनीकी जांच की सहायता से धारावी परिसर में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान आरोपी को साईबाबा नगर, न्यू संसार बेकरी के समीप, धारावी से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे आगे की विधिक कार्रवाई हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (का. व सु.) डॉ मनोज शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त विक्रम देशमाने, पुलिस उपायुक्त (मध्य परिमंडल-2) अनुराग जैन, सहायक पुलिस आयुक्त (सायन विभाग) महेंद्र मोरे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शिवाजी पावडे, पुलिस निरीक्षक (अपराध) गोपाळ भोसले, पुलिस निरीक्षक (का. व सु.) समीर कांबले, सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश कांबले, पुलिस उपनिरीक्षक केदार उमाटे तथा अंमलदार शिवाजी दहिफले, गोरख सानप, अमोल वलेकर और काजल सपकाळ द्वारा की गई।
