नेटवर्क महानगर/मुंबई
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई की ओर से रविवार, (28 जून 2026) को सात जगहों पर भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम के मार्गदर्शन और भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में 135वें ‘मन की बात-जेन नेक्स्ट के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
युवाओं और आने वाली पीढ़ी के विचारों, नवाचारों और विकसित भारत के दृष्टिकोण पर युवाओं तक प्रधानमंत्री के विचारों को सहज एवं आधुनिक वातावरण में पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम कॉफी शॉप और मैकडॉनल्ड पर आयोजित किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी (Gen Next) को देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और अनौपचारिक माहौल में उनके विचारों को सुनना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए और उन्होंने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। इसके उपरांत विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर प्रत्येक स्थान पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे, महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक मुरजी पटेल, पूर्व सांसद मनोज कोटक,नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य तेजिंदर सिंह तिवाना , भाजपा मुंबई सचिव एवं नगरसेवक प्रतीक कर्पे सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।
इस मौके पर भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं को प्रेरित करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात-जेन नेक्स्ट के साथ’ के माध्यम से हमने युवाओं को उनके पसंदीदा स्थानों पर जोड़ने का प्रयास किया है, ताकि वे प्रधानमंत्री जी के विचारों, राष्ट्र निर्माण के संकल्प और जनभागीदारी के संदेश से सीधे जुड़ सकें। भारतीय जनता युवा मोर्चा आने वाले समय में भी युवाओं को समाज और राष्ट्रहित के अभियानों से जोड़ने के लिए ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम हमेशा से ही समाज को एक नई दिशा देने वाला रहा है। आज जब हम ‘जेन नेक्स्ट’ यानी अपनी युवा पीढ़ी के साथ उनके पसंदीदा माहौल (कॉफी शॉप और मैकडॉनल्ड्स) में बैठते हैं, तो संवाद की एक नई ऊर्जा पैदा होती है। आज का युवा सिर्फ देश की प्रगति को नहीं देख रहा है, बल्कि उसमें भागीदार बनना चाहता है। भाजयुमो मुंबई का यह प्रयास युवाओं की इसी आकांक्षा को एक सही मंच देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
कैफे और मैकडॉनल्ड्स जैसे आधुनिक और सहज माहौल में ‘मन की बात’ सुनने को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के दौरान न केवल प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना गया, बल्कि उसके बाद उपस्थित नेताओं और युवाओं के बीच देश के विकास, स्टार्टअप, शिक्षा और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर भी खुलकर चर्चा हुई।
