Aditi Tatkare News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र सरकार दीपावली से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है। राज्य सरकार इन सभी को दो-दो हजार रुपये देगी। यह राशि जल्द ही उनके खातों में सीधे जमा की जाएगी। दीवाली के इस गिफ्ट पर सरकार कुल 40.61 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
महाराष्ट्र सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने बताया कि इस दीपावली पर राज्य सरकार एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS) योजना के तहत काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दो हजार रुपये का उपहार देगी। मंत्री तटकरे ने बताया कि इस पहल के लिए 40.61 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं और इस संबंध में गुरुवार को सरकारी आदेश जारी किया गया।
हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के चेहरों पर आएगी मुस्कान!
मंत्री अदिति ने आगे कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बच्चों की देखभाल, पोषण और उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनकी निष्ठा को मान्यता देने और त्योहार के इस मौसम में उनकी खुशी दोगुनी करने के लिए राज्य सरकार ने यह ”भाऊबीज” उपहार देने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि राशि जल्द ही आईसीडीएस आयुक्त के माध्यम से लाभार्थियों तक पहुंचाई जाएगी। इस निर्णय से राज्यभर में हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के चेहरों पर मुस्कान आएगी और उनकी दीपावली और भी आनंदमय होगी।
