नेटवर्क महानगर/मुंबई
वसई के नालासोपारा में भारत पेट्रोलियम गैस डिलीवरी वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक बुरी तरह से घायल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह दर्दनाक सड़क हादसा आचोले-वसई लिंक रोड पर मार्टिन कॉम्प्लेक्स परिसर के पास रविवार सुबह हुआ। इस सड़क हादसे में होंडा शाइन बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा रविवार, दोपहर 12 बजे के बीच होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में भारत पेट्रोलियम गैस डिलीवरी वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, होंडा शाइन सवार युवक की भारत पेट्रोलियम गैस डिलीवरी वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक डिलीवरी वाहन के चक्के के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को नजदीकी आइकॉन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद आचोले पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और गैस डिलीवरी वाहन को अपने कब्जे में लेते हुए उसके चालक को हिरासत में लिया।पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों की ओर से हादसे में लापरवाही की बात कही जा रही है। हालांकि, हादसा किसकी गलती से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
