Uddhav Thackeray
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते किसानों को बहुत नुकसान हुआ है। विपक्षी दल, इस पूरे मामले को लेकर राज्य सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि देवेंद्र फडणवीस की सरकार किसानों को मदद पहुंचाने में नाकाम साबित हो रही है।
”शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे” (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे का कहना है कि सरकार मदद का ऐलान तो कर रही है, लेकिन किसानों तक यह लाभ नहीं पहुंच रहा है। जिसे लेकर उद्धव ठाकरे 11 अक्टूबर 2025 को महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में होने वाले विरोध-मार्च का नेतृत्व करने वाले हैं।
पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे का कहना है कि मैं किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने और उनसे मिलने के लिए मराठवाड़ा गया था। मराठवाड़ा में अभी भी भारी बारिश हो रही है। किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं, वे कर्ज में डूब गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को एक साल बीत गया है। किसान नाराज हैं कि उन्हें अभी तक फसल का सही दाम नहीं मिल पाया है। अब तो उनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं। सरकार को किसानों के बारे में सोचना चाहिए। उनकी इस तरह मदद करनी चाहिए जो उनके पास तक पहुंचे सिर्फ ऐलान कर देने से कुछ नहीं होता।

किसान अपना कर्ज कैसे चुकायेंगे?
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि उन्होंने किसानों से बात की है। किसानों ने उन्हें बताया कि अब जमीन को ठीक होने में करीब पांच साल लग जायेंगे। ऐसे में किसान अपना कर्ज कैसे चुकायेंगे? राज्य के अलग-अलग जिलों से रोज किसानों की आत्महत्या किए जाने खबरें सामने आ रही हैं। एक परिवार में 31 साल के व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। आखिर कब तक ऐसे ही चलता रहेगा? सरकार दावा करती है कि मदद जारी कर दी गई है, लेकिन अभी तक किसानों तक पहुंची नहीं है।
मैं इसमें राजनीति नहीं करूंगा: उद्धव
उद्धव ठाकरे का कहना है कि किसानों को न्याय मिलना चाहिए। मैं इसमें राजनीति नहीं करूंगा। अगर मुख्यमंत्री को लगता है कि हम इसमें राजनीति कर रहे हैं तो ये उनकी समझ है। उन्होंने कहा कि किसानों को 14000 करोड़ रुपये की पिछली सहायता राशि अभी तक नहीं मिली है। वैसे पीएम मोदी ने पंजाब के लिए सहायता राशि जारी की है। पंजाब में केंद्र सरकार 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का मुआवजा दे रही है।
11 अक्टूबर को मराठवाड़ा में विरोध-मार्च
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में 11 अक्टूबर को विरोध मार्च निकाला जाएगा। बारिश से प्रभावित किसानों की सहायता की मांग को लेकर यह विरोध-मार्च निकाला जा रहा है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। हम सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों के लिए 50,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की आर्थिक मदद और कर्जमाफी की मांग की है।
