ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Mumbai में चोर-उचक्कों के अलावा बलात्कारियों के भी हौसले हुए बुलंद!

मुंबई: मुंबई में सड़क और गलियों में चोर-उचक्कों की भरमार तो आये दिन ही देखने को मिल जाती है, परन्तु यहां चोर-उचक्कों के अलावा बलात्कारियों के भी हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। इन्हें ना तो सरकार का डर है और ना ही खाकी वर्दी का खौंफ। अब लाडली बहनों की अस्मिता और उनकी सुरक्षा को लेकर एक बड़ा प्रश्नचिन खड़ा हो गया है।

ताजा घटना धारावी की है। यहां मंगलवार को दिनदहाड़े एक ६० वर्षीय पड़ोसी व्यक्ति ने चाकू की नोक पर १५ साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। हैरत वाली बात यह है कि आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए मुंह पर मास्क पहनकर लड़की से दुष्कर्म कर रहा था। दुष्कर्म के आरोपी से हड़बड़ी में एक तरफ का मास्क निकल गया तभी लड़की ने उसकी आवाज पहचान ली और लड़की चिल्लाने लगी, तभी आरोपी ने लड़की के गले पर चाकू रखा और गला काटने तथा तेजाब डालने की धमकी देते हुए वापस चेहरे को ढक लिया। फिलहाल, धारावी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग से बलात्कार का मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।

धारावी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने नाबालिग लड़की को उसके घर पर अकेला देखा और अपने चेहरे को नकाब से छिपाते हुए घर में घुस गया था। हालांकि, जल्दबाजी में अपराध करते समय आरोपी का नकाब उतर गया और लड़की ने उसका आवाज पहचानने के बाद चिल्लाना शुरू कर दिया। अपनी पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने पीड़िता को चाकू की नोक पर रखा और उसे एसिड अटैक की धमकी दी। चाकू के कारण पीड़िता को मामूली चोटें आईं हैं।

नालासोपारा में भी हुआ नाबालिग के साथ रेप!
बता दें कि इससे पहले पालघर जिले के नालासोपारा में गणेशोत्सव पर्व के दौरान घर लौट रही एक १० साल की नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। यहां मासूम लड़की के साथ दो वहशी दरिंदों ने बलात्कार किया था।
पुलिस ने बताया था कि १० वर्षीय लड़की अपने परिवार के साथ नालासोपारा पूर्व के शिरडीनगर इलाके में रहती है। लड़की इलाके में गणेशोत्सव देखने गई थी। वहां से घर लौटते समय दो लोगों ने उसे घर के पास सड़क पर रोक लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर एक-एक करके उसके साथ बलात्कार किया।पीड़िता के कपड़े खून से लथपथ पाए गए और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। जिसके बाद परिवार को शक हुआ कि लड़की के साथ कुछ गलत हुआ है। इसके बाद जब लड़की से पूछताछ की गई तो उसने सारी बात अपने माता-पिता को बता दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।