नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई बिल्डिंग रिपेयर एंड रिकंस्ट्रक्शन बोर्ड (MBRRB), महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) ज़ोन-4 (एफ/उत्तर विभाग) में पंजीकृत कॉन्ट्रैक्टर ‘आर्या एंटरप्राइजेज’ के मालिक शशिकांत शिरसेकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को एक पत्र लिखकर पिछले 15 महीनों से पेंडिंग पड़े बिलों का तुरंत भुगतान करने की मांग की है।
शिरसेकर द्वारा मुख्यमंत्री फडणवीस को दिए गए पत्र के मुताबिक, उन्होंने मार्केट से ब्याज पर लोन लेकर सरकारी कार्य पूरे किए। लेकिन, पिछले 15 महीनों से उनका कोई भी बिल पास नहीं हुआ है। शिरसेकर ने आरोप लगाया है कि सरकार फंड दे रही है, लेकिन कुछ अधिकारी ‘फंड’ नहीं है..या ‘फंड’ आने पर पेमेंन्ट होगा, जैसे कारण बताकर पेमेंट बकाया रख रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पैसों की दिक्कतों की वजह से परिवार का जीविकापार्जन और बच्चों की पढ़ाई के अलावा माता-पिता के मेडिकल खर्च और लिए गए लोन का इंटरेस्ट देना बहुत मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि मानसिक तनाव के चलते उन्हें रात में नींद नहीं आती, ठीक से खाना नहीं खाते, कभी-कभी उनका मन करता है कि अपनी जान दे दें। शशिकांत शिरसेकर ने सरकार से मांग की है कि ज़ोन-4 में पेंडिंग बिल अगले 15 दिनों में क्लियर किए जाएं और मामले की उच्स्तरीय जांच करके उन्हें इंसाफ़ दिलाया जाना चाहिए, जिससे वो कोई गलत फैसला लेने के लिए मज़बूर न हों।
