Zeenat Shabrin
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में ज़ीनत शबरीन (Zeenat Shabrin) को सबसे ज़्यादा 10,076 मत मिले हैं। इससे मुंबई यूथ कांग्रेस को पहली बार महिला अध्यक्ष मिलने जा रही है।
राहुल गांधी के सुझाव के मुताबिक, यूथ कांग्रेस में नियुक्तियां नहीं की जातीं, बल्कि चुनावों के ज़रिए पदाधिकारियों का चयन होता है। मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में 9 उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान 16 मई से 17 जून के बीच हुआ था और अब इसके नतीजे घोषित हो चुके हैं और ज़ीनत शबरीन को सबसे ज़्यादा 10,076 वोट मिले हैं। उनके रूप में मुंबई यूथ कांग्रेस को पहली महिला अध्यक्ष मिलने जा रही है। इसके पहले वो मुंबई यूथ कांग्रेस की उपाध्यक्ष थीं।
जानें- ज़ीनत शबरीन के बारे में…
उच्च शिक्षा प्राप्त ज़ीनत ने अपने स्कूली जीवन में ही पशु संरक्षण आंदोलन में कार्य करना शुरू किया था। सामाजिक मुद्दों पर कई आंदोलनों में उन्होंने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। उसके बाद यूथ कांग्रेस में सक्रिय रहते हुए उन्होंने युवाओं की समस्याओं पर लगातार आवाज़ उठाई और अनेकों आंदोलन किए। सबसे ज़्यादा वोट मिलने के बाद ज़ीनत शबरीन ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस ने मुझे, एक कार्यकर्ता की पृष्ठभूमि से आने वाली महिला को मंच दिया है। इसके लिए मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, मुंबई कांग्रेस, महाराष्ट्र कांग्रेस और मुंबई यूथ कांग्रेस परिवार का उनके मार्गदर्शन और विश्वास के लिए दिल से आभार मानती हूं। मैं आने वाले साक्षात्कार और नई समिति के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। हम मुंबई के युवाओं की आवाज़ बनकर काम करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि यूथ कांग्रेस का संगठन मज़बूत करते हुए, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हमारे नेता राहुल गांधी और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिंब के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संघर्ष करते रहेंगे। ज़ीनत शबरीन सोशल मीडिया पर भी बिलकुल एक्टिव रहतीं हैं।
