किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेसमेंट; संचिता उगले की मौत ने किया हैरान?
नेटवर्क महानगर/नालासोपारा
टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ से मशहूर हुईं टीवी अभिनेत्री संचिता उगले (Sanchita Ugale) ने रविवार रात (14 जून) को नालासोपारा पूर्व के अचोले गाव स्थित अपने घर में मृत पाई गईं। पुलिस ने बताया कि 30 वर्षीय एक्ट्रेस संचिता उगले का शव घर में सीलिंग फैन से लटका मिला, उन्होंने साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगाई।
मुंबई पुलिस मीडिया को बताया कि हमारी टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। घटना के समय वे घर में अकेली थीं। उनके पिता ने बेटी की मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। संचिता अपने माता-पिता के साथ पालघर जिले के नालासोपारा में रहती थीं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी बहन अंजली घर से बाहर गई थी। इसी दौरान संचिता ने अपने बेडरूम के सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। परिवार संचिता को तुलिंज अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि संचिता महिलाओं का मशहूर टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ के अलावा ‘वागले की दुनिया’ में भी नजर आई थीं। महज 30 साल की उम्र में संचिता के चले जाने से उनके परिवार और फैंस को गहरा सदमा पहुंचा है। एक्ट्रेस के निधन से पूरे इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
मौत से कुछ घंटों पहले पोस्ट किया था वीडियो!
संचिता के निधन से ठीक कुछ घंटों पहले ही उनके आधिकारिक ‘इंस्टाग्राम’ अकाउंट से एक रील पोस्ट की गई थी। वीडियो में एक्ट्रेस ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती दिखी थीं। इस वीडियो के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा था- ‘मैं नाचूं, तू नचा।’ उसमें वो काफी खुश नजर आ रही थीं। कहीं से भी ये अंदाजा लगा पाना मुश्किल लग रहा था कि वो किसी परेशानी में हैं या दुखी?
वहीं, अब कमेंट सेक्शन में एक्ट्रेस के फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव थीं और लगातार पोस्ट करती रहती थीं। उनके इंस्टाग्राम पर 1 लाख 39 हजार फॉलोअर्स हैं।

संचिता की आखिरी इंस्टा पोस्ट के अलावा एक और पोस्ट सुर्खियों में है, जिसमें वो अपनी जर्नी के बारे में बताती हैं। एक्ट्रेस ने अपने बचपन और वर्तमान कैरियर को लेकर एक ट्रांसिशन वीडियो डाला। इसमें वो बचपन में एक सब्जी बेचने वाली बनी हैं, जिसमें उन्होंने लिखा है- पढ़ाई-लिखाई छोड़कर एक्टिंग ट्राई करके क्या ही हो जाएगा? जिसके बाद लिखकर आता है कि वो हीरोइन बन गई हैं। उन्हें अलग-अलग टीवी शोज, ऐड्स और फिल्मों में काम करने का मौका मिल रहा है। वो विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ के प्रीमियर पर भी नजर आईं, जहां पैप्स ने उनके फोटोज खींचे। फैंस के बीच संचिता के इस वीडियो को काफी पसंद किया गया था। उन्होंने ये पोस्ट नवंबर 2025 में की थी, जिसकी अब चर्चा तेज हो गई है। इस पोस्ट के कैप्शन में भी संचिता ने खुद के लिए कुछ लिखा। उन्होंने कहा कि जिस छोटी संचिता ने बहुत कुछ सहा और देखा, उस पर बड़ी संचिता को बहुत गर्व है। उनका लिया हर फैसला सही था, जिसका उन्हें कोई मलाल नहीं है. वो अब हीरोइन बन चुकी हैं!

भाई बोला- सुशांत की तरह इंडस्ट्री ने दबाया!
संचिता के चचेरे भाई आकाश उगले ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि संचिता को फिल्म इंडस्ट्री द्वारा दबाया जा रहा था। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत से जुड़ा सोशल मीडिया का एक वीडियो दिखाते हुए दावा किया है कि ये संचिता की फर्जी आईडी से पोस्ट किया गया है, जिसमें लिखा था- आज फिर 14 जून है।
भाई ने मीडिया से बातचीत में कहा, मेरी बहन बहुत डर गई थी। इंडस्ट्री दबा देती है, धमकी देती है। जैसा सुशांत के साथ किया, उसे अंदर से खोखला कर दिया। इसमें बड़े-बड़े लोगों का हाथ होता है। यहां पावर गेम होता है। हमारे जैसे मिडिल क्लास के लोग आगे जाते हैं, तो उसे दबा दिया जाता है।
चचेरे भाई द्वारा बताए गया इंस्टाग्राम अकाउंट संचिता उगले के फैन पेज की तरह दिखता है। हालांकि, भाई ने दावा किया है कि ये अकाउंट संचिता खुद चलाती थीं। ये अकाउंट 2 जून को बनाया गया है। पेज के सभी वीडियो संचिता के थे, हालांकि 14 जून को पोस्ट किया गया आखिरी वीडियो सुशांत सिंह राजपूत का था। कथित तौर पर इस वीडियो के पोस्ट किए जाने के बाद संचिता ने आत्महत्या की है।
सुशांत-संचिता के बीच है बड़ा कनेक्शन?
हालांकि, संचिता के सुसाइड किये जाने के कारण का पता नहीं चल सका है, लेकिन उनके भाई ने दावा किया है कि इसका कनेक्शन सुशांत सिंह राजपूत मामले से जुड़ा हुआ है। संचिता के भाई ने दावा किया है कि उनकी बहन इंडस्ट्री की तरफ से बहुत प्रेशर झेल रही थीं। मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने फोन की ओर इशारा करते हुए बताया कि रविवार को सुशांत की डेथ एनिवर्सरी पर उन्हें याद करते हुए एक्ट्रेस ने एक पोस्ट में लिखा था- फिर से 14 जून।
संचिता उगले के भाई ने यह भी कहा- उन्होंने (सुशांत सिंह राजपूत) 14 जून 2020 को आत्महत्या की थी। क्यों? क्योंकि बॉलीवुड यानी इस इंडस्ट्री ने उन पर बहुत दबाव डाला था और उसी दबाव की वजह से उन्होंने आत्महत्या की। ठीक उसी तरह कल मेरी बहन ने भी उसी वजह से आत्महत्या की, मैं बस यही कह रहा हूं।
सुसाइड वाले दिन किया था पोस्ट?
6 साल के अंतर पर हुई इन दो अचानक मौतों के बीच संबंध बताते हुए संचिता के भाई ने कहा- बस एक दिन पहले यानी कल उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी जिसमें लिखा था- ‘इट्स अगेन 14 जून’, इसका मतलब है कि 14 जून फिर से आ गया है और कल ही उन्होंने आत्महत्या भी कर ली।
संचिता उगले के भाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस घटना पर ध्यान देने की गुजारिश की है।
