नेटवर्क महानगर/प्रतापगढ़
युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं जुझारू पत्रकार अविनाश दिनेश पांडेय के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार, (10 अगस्त) को जनपद के देवसरा स्थित ग्राम गधियांवा के प्राथमिक विद्यालय परिसर में मेधावी विद्यार्थियों को मुफ्त नोटबुक का वितरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित मान्यवरों ने छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे महत्वपूर्ण और मजबूत नींव है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करती है। एक शिक्षित बच्चा अपने परिवार और पूरे समाज की तरक्की का मार्ग प्रशस्त करता है। विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग के उद्देश्य से आयोजित इस पहल को ग्रामीणों एवं उपस्थित गणमान्यजनों ने सराहनीय बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। आयोजकों ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जोड़ना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।
कार्यक्रम का आयोजन दिनेश कुमार पांडेय, आलोक पांडेय द्वारा ग्रामवासियों के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
