panvel police news
नवी मुंबई: रायगढ़ जिले के पनवेल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी हैं। यहां एक व्यक्ति का शव एक खाली पड़े गोदाम में मिला और शुरुआती जांच में पता चला है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है, घटना मंगलवार दोपहर को हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पनवेल पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर शव को एक राहगीर ने देखा और पुलिस को तुरंत सूचित किया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
बता दें कि इसी हप्ते में नृशंस हत्या की यह दूसरी घटना है। सोमवार की सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब ठाणे के कपूरबावड़ी इलाके में एक इमारत की छत पर एक अधेड़ व्यक्ति का सिर कटा हुआ शव खून से लथपथ पाया गया। पुलिस की एफआईआर में कहा गया है कि यह घटना सिग्नेट कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी की छत पर हुई। मृतक की पहचान एक सुरक्षा पर्यवेक्षक के रूप में हुई है और कहा जाता है कि व्यक्तिगत झगड़े के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से निवासियों में भय व्याप्त हो गया, क्योंकि पॉश इलाके में हुई इस नृशंस हत्या की तस्वीरें कुछ ही देर में सामने आ गईं।
