दिल्लीपुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: कोरेगांव-भीमा के आरोपित व एल्गार परिषद केस में गिरफ्तार, फादर स्टेन स्वामी का निधन!

मुंबई: बीमार चल रहे वृद्ध जनजातीय अधिकार कार्यकर्ता फादर स्टेन स्वामी का सोमवार दोपहर मुंबई में निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और चार जुलाई को उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। फादर स्टेन स्वामी को पिछले साल एल्गार परिषद केस में गिरफ्तार किया गया था। वह चिकित्सा आधार पर जमानत का इंतजार कर रहे थे।
स्वामी के वरिष्ठ अधिवक्ता मिहिर देसाई ने बंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों न्यायमूर्ति एस.एस.शिंदे और न्यायमूर्ति एनजे जामदार को घटनाक्रम की जानकारी तब दी, जब उनकी जमानत याचिका आज दोपहर सुनवाई के लिए आई। उनका इलाज कर रहे एक डॉक्टर ने अदालत को सूचित किया, बहुत भारी मन से मुझे आपको सूचित करना पड़ रहा है कि फादर स्टेन स्वामी का निधन हो गया है।
उन्होंने कहा कि 84 वर्षीय कार्यकर्ता को कार्डियक अरेस्ट हुआ था और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
गौरतलब है कि एल्गार परिषद केस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में नौ एक्टिविस्टों को गिरफ्तार किया गया था, उन्हीं में से एक फादर स्टेन स्वामी भी थे। भीमा कोरेगांव मामले में भी वे आरोपी थे। रांची स्थित उनके आवास पर इस मामले में छापेमारी भी हुई थी।
फादर स्टेन मूलत: तमिलनाडु के रहने वाले थे, वे फादर बनकर झारखंड आये थे और यहां आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत थे। उन्होंने रांची के नामकोम में बगईचा नामक संस्थान की नींव डाली थी, जो आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रयासरत है।