
मुंबई, 21 साल की युवती के साथ कैब के अंदर ड्राइवर द्वारा अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती पिछले हफ्ते अपने परिवार के साथ प्रभादेवी इलाके से साउथ मुंबई के लिए जा रही थी। युवती ने टैक्सी ड्राइवर की करतूत का विडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। विडियो को 97 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा और रविवार को दादर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित युवती कॉर्पोरेट लॉ में काम करती है। 27 जून को वह अपनी मां और बहन के साथ सिद्धिविनायक मंदिर दर्शन के लिए गई थी। सुबह 9:30 बजे उन्होंने मंदिर के बाहर बैरिकेड्स के पास से एक कैब बुक की। पीड़ित युवती ड्राइवर के साथ आगे की सीट पर जबकि उसकी मां और बहन पीछे की सीट पर बैठीं।
पीड़ित युवती ने बताया कि हम नरीमन पॉइंट जाना चाहते थे। कैब ड्राइवर ने शुरुआत के कुछ मिनटों तक अच्छा बर्ताव किया। इसके बाद वह अपने पैंट की जिप खोल ली और मेरी तरफ घूरते हुए अपने प्राइवेट पार्ट को हाथ से मसलने लगा। देबलिना ने कहा कि करीब 10 मिनट बाद मैंने अपना मोबाईल निकला, हालांकि वो उस घटना को कैमरे में रिकॉर्ड नहीं कर पाई लेकिन ड्राइवर की बाकी हरकतों को उन्होंने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। इंस्टाग्राम पर वीडियो को शेयर करते हुए देबलिना ने कहा है कि मैं मुंबई में रहकर मैं हमेशा सुरक्षित महसूस करती थी और मेरे साथ पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। अचानक हुए इस वाकये से मैं सन्न रह गई और परिजनों से भी कुछ कहते नहीं बन रहा था। मेरी बहन मोबाइल में म्यूजिक सुन रही थी और मेरी मां खिड़की के बाहर देख रही थी। युवती ने बताया, मैंने बार-बार उससे गाड़ी रोकने को कहा, जिससे हम नीचे उतर सकें लेकिन वह नहीं माना। ड्राइवर ने कहा कि अगर वह बीच रास्ते में उतार देगा तो हमें दूसरी कैब करनी होगी। इसलिए हम लोगों को इसी कैब से चलना होगा।
करीब 30 मिनट तक युवती को जबरन कैब में यात्रा करनी पड़ी और इस दौरान आरोपी ड्राइवर की अश्लील हरकतें जारी रहीं। जब भी वह किसी ट्रैफिक सिग्नल पर रुकता था तो युवती के लिए असहज स्थिति हो रही थी। आखिरकार साउथ मुंबई पहुंचने पर युवती को कुछ पुलिसकर्मी दिखे और उसने ड्राइवर से रुकने को कहा। पीड़ित ने बताया, मेरी मां हैरान रह गईं, जब उन्हें कैब ड्राइवर की करतूत के बारे में पता चला। वह उसे तुरंत गिरफ्तार करवाना चाहती थीं लेकिन ड्राइवर फरार हो गया। पीड़ित युवती ने बाद में दादर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। टैक्सी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने रविवार को आरोपी ड्राइवर को पकड़ा। उसकी पहचान मोहम्मद फारूक के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छेड़छाड़ के आरोप में अभी वह पुलिस हिरासत में है।
पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस को सबूत के तौर पर 14 मिनट की एक विडियो क्लिप सौंपी है। जब युवती ने कुछ विडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए तो तीन महिलाओं ने उससे संपर्क करते हुए बताया कि इसी ड्राइवर ने अपनी कैब के अंदर उन सभी से अभद्रता की थी।

