BMC News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
देश की सबसे धनी महानगरपालिका कही जाने वाली बृहन्मुंबई महानगरपालिका का मुख्यालय, जो अपनी चाक-चौबंद सुरक्षा के लिए जाना जाता है, वहां से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां भारी सुरक्षा घेरे और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद, मुख्यालय के भीतर ही ‘हाथ की सफाई’ का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्रशासन की सुरक्षा-व्यवस्था की पोल खोल दी है।
ताजा घटनाक्रम में, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष की नगरसेविका लक्ष्मी भाटिया चोरों का निशाना बनीं, जिनके पर्स से अज्ञात शातिर चोरों ने हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना तब हुई जब बुधवार, (15 अप्रैल) को पहली मंजिल पर स्थायी समिति की अहम बैठक खत्म होने के ठीक बाद सभी सदस्य लंच के लिए एकत्र हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई थी, जो करीब एक घंटे तक चली। बैठक समाप्त होने के बाद सभी नगरसेवक बगल में स्थित पेंट्री में लंच करने के लिए पहुंचे थे।
प्रभाग क्र. 56 की नगरसेविका लक्ष्मी भाटिया (फाळके) ने बताया कि जब वह लंच के बाद वापस लौटीं, तो उन्होंने देखा कि उनके पर्स की चेन खुली हुई थी और उसमें रखे 20,000 रुपये गायब थे।
हैरानी की बात यह है कि बीएमसी मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा और गलियारों में सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद, स्थायी समिति हॉल के भीतर कोई कैमरा नहीं लगा है। अधिकारियों का कहना है कि निजता और सुरक्षा नियमों के कारण निर्वाचित प्रतिनिधियों के बैठक हॉल या कक्षों के भीतर कैमरे नहीं लगाए जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर किसी ने चोरी के घटना को अंजाम दिया।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल?
नगरसेविका लक्ष्मी भाटिया ने इस घटना की जानकारी मनपा में विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर, स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे और महापौर रितु तावड़े को दी है। उन्होंने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताते हुए कहा है कि जब नागरिक मुख्यालय ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा?
इस घटना के बाद स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे ने मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। लक्ष्मी भाटिया ने इस संबंध में पुलिस में औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है।
