नेटवर्क महानगर/मुंबई
नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निवास के निकट उद्धव ठाकरे द्वारा ‘राम रक्षा’ पाठ किए जाने के बीच अमरावती में राणा दंपति के नेतृत्व में ‘हनुमान चालीसा’ का सामूहिक पाठ किया गया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए नवनीत राणा ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा।
नवनीत राणा ने कहा कि हनुमान चालीसा पाठ के मामले में उन्हें और रवि राणा को 14 दिनों तक जेल में रखा गया था और उस समय किए गए अन्याय का परिणाम आज उद्धव ठाकरे भुगत रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे ने कभी अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन तक नहीं किए और अब ‘राम रक्षा’ पाठ के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान राम और हनुमान की याद देर से आई।
नवनीत राणा ने आगे कहा कि हिंदुत्व केवल राजनीतिक दिखावे का विषय नहीं है, बल्कि आस्था और श्रद्धा का विषय है। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर हिंदुत्व के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। नवनीत राणा के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
