नेटवर्क महानगर
महाराष्ट्र से एक मनचले युवक द्वारा चलती ट्रेन में युवती से छेड़छाड़ करने वाले युवक को युवती ने ऐसा सबक सिखाया जिसे वो जिंदगीभर नहीं भूल पायेगा। ये मामला शेगांव से बडनेरा की ओर जा रही भुसावल-वर्धा पैसेंजर मेमो ट्रेन का है। जब ट्रेन में सफर के दौरान एक युवक ने युवती के साथ बैड टच की हरकत की। फिर क्या था युवती ने घबराने की बजाय साहस दिखाते हुए तुरंत उसका विरोध किया और उसे जमकर खरी-खोटी सुनाई। युवती की आवाज सुनकर डिब्बे में मौजूद अन्य यात्री भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि जब ये युवती ट्रेन में चढ़ी, वहां कई अन्य लड़कियां भी थीं, वह लड़कियों के साथ भी अश्लील हरकत करने की कोशिश कर रहा था। जिससे लड़कियां डर कर अपनी सीट बदलकर दूसरी जगह बैठ गईं। इस दौरान युवती ने गजब की हिम्मत दिखाते हुए दूसरे यात्रियों की मदद से उसे पकड़ कर शर्मिंदा करने वाली सजा देते हुए, यात्रियों के सामने उसके हाथों में चूड़ियां पहनाईं और होंठों तथा गलों पर बाकायदा लिपस्टिक लगाई।
इस दौरान आरोपी व्यक्ति सीट पर शांति से बैठा दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं युवती ने उसका वीडियो भी बनवाया और उसकी घिनौनी हरकत के लिए उसे सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मनचलों को सबक मिलेगा या फिर ऐसी शर्मनाक हरकत करने से पहले सौ बार सोचेंगे जरूर। युवती की बहादुरी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
