भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह नहीं रहे

‘मेरा काम ही मेरी पहचान’ का नारा देते थे विधायक सरदार तारा सिंह…
मुंबई: भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह के निधन की कुछ दिनों से अफवाह फैलाई जा रही थी। लेकिन वो आज सच साबित हो गयी, लंबी बीमारी के कारण शनिवार सुबह मुंबई के लीलावती अस्पताल में इलाजरत सरदार तारा सिंह ने अंतिम सांसें ली। वह 81 वर्ष के थे।
हर वक्त मूछों को ताव देने वाले भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह पिछले एक-डेढ़ सालों से काफी बीमार चल रहे थे और उनकी हालत गम्भीर बनी हुई थी। पिछले दिनों अस्पताल में भर्ती होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके निधन की अफवाह फैल गयी जिससे उनके समर्थकों ने श्रद्धांजलि देकर दुःख प्रकट करना भी शुरू कर दिया था! लेकिन आज सुबह यह ‘तारा’ हमेशा के लिए टूट कर गिर गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विधायक सरदार तारा सिंह (फाइल फोटो)
आज दुनिया को अलविदा कहने वाले सरदार तारा सिंह मुलुंड, भांडुप, पवई खासकर झोपड़पट्टी बाहुल्य क्षेत्र के नागरिकों के लिए मसीहा रहे जिन्होंने झोपड़पट्टीयों में जो काम नहीं होने वाला हो वो भी पूर्ण करवाया! आम लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए वह सड़कों पर उतर जाते थे और उनके कार्यालय के दरवाजे हमेशा खुले रखे जाते थे! वह हर सुबह नियमित समय पर अपने दफ्तर पहुँच जाते थे। उनके निधन की खबर सुनते ही उनके चाहने वालों की आंखे नम हो गयी। उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उनकी अंतिम यात्रा रविवार 11 बजे जीटीबी नगर के पंजाबी कैम्प से निकाली जाएगी।
बता दें कि भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह के कार्यों के लिए उनकों ‘कार्यसम्राट’ की उपाधि दी जाती थी। वह मुलुंड विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया करते थे।
भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने बताया कि भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह ने मुंबई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। सोमैया ने कहा, वह पिछले कई दिनों से अस्पताल में थे और उनका कई बीमारियों का इलाज चल रहा था।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस के साथ विधायक सरदार तारा सिंह (फाइल फोटो)
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरदार तारा सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि हमने अपने एक वरिष्ठ और मूल्यवान सहयोगी को खो दिया।
