Bandra Terminus news today
मुंबई: मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ बांद्रा टर्मिनस पर रविवार सुबह भगदड़ मचने से 10 यात्री घायल हो गए हैं। जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर तब हुआ जब गोरखपुर-बांद्रा एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई। भगदड़ के कारण लोगों में अफरातफरी मच गई और कई लोग मौके पर ही गिर पड़े। इस वजह से कुछ लोग घायल हो गए। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहा उनका इलाज चल रहा है। घटना सुबह 5 बजकर 56 मिनट पर हुई। जब मुंबई से गोरखपुर जा रही ट्रेन (संख्या 22921) प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची, यात्री जनरल कोच ट्रेन में चढ़ने की जल्दी में थे।
घायलों की पहचान शब्बीर अब्दुल रहमान (40), परमेश्वर सुखदर गुप्ता (28), रवीन्द्र हरिहर चुमा (30), रवीन्द्र प्रसाद प्रजापति (29), संजय तिलकराम कांगे (27), दिव्यांशु यादव (18), मोहम्मद शरीफ शेख (25), इंद्रजीत साहनी (19) और नूर मोहम्मद शेख (18) के रूप में हुई है। इनमें से शाहनी और नूर की हालत गंभीर है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
बीएमसी ने अपडेट में कहा कि रेलवे स्टेशन पर स्थिति नियंत्रण में है और घायलों को भाभा अस्पताल ले जाया गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के एक अधिकारी ने बताया कि दिवाली और छठ पूजा से पहले 22921 बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन पर चढ़ने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ थी।
