नेटवर्क महानगर/कोल्हापुर
आज भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होने जा रहा है। जिसे लेकर विपक्ष जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाक के साथ क्रिकेट खेलने को लेकर बीसीसीआई और केंद्र सरकार पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। इस बीच महाराष्ट्र में क्रिकेट मैच के विरोध में शिवसेना (यूबीटी) आंदोलन कर रही है। इस विरोध-प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले का बयान सामने आया है।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच आज होने जा रहा है, लेकिन इस मैच से पहले ही राज्य में हमारा मैच शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि ”ऑपरेशन सिंदूर” के माध्यम से भारत ने पहले ही पाकिस्तान को सबक सिखा दिया है। आठवले ने कहा कि ठाकरे गुट ‘मेरा कुमकुम, मेरा देश’ आंदोलन कर रहा है, लेकिन खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश भी मेरा है और कुमकुम भी मेरा है।
केंद्रीय मंत्री आठवले ने आगे कहा कि यह वर्ल्ड कप का मैच है और इस बार भी भारत, पाकिस्तान को हराएगा। साथ ही उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राऊत पर निशाना साधते हुए कहा कि संपादक संजय राऊत को अनावश्यक विषय उठाकर जनता में भ्रम नहीं फैलाना चाहिए।
2029 में भी नरेंद्र मोदी ही होंगे प्रधानमंत्री!
वहीं, राजनीतिक समीकरणों पर बोलते हुए आठवले ने दावा किया कि 5 साल तो हमारी सरकार चलेगी ही और 2029 में भी नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल कहते हैं कि इंडिया की इकोनॉमी डेड है, लेकिन सच्चाई यह है कि भारत लगातार आर्थिक रैंकिंग में ऊपर जा रहा है।
बिहार चुनाव में NDA को समर्थन
इसके साथ ही उन्होंने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि विरोधी दल चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन वो बिहार चुनाव नहीं जीत पाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि उनकी पार्टी बिहार में चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन एनडीए को पूरा समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि एनडीए के लिए वो खुद जगह-जगह सभाएं करेंगे। आखिर में उन्होंने ये भी कहा कि हम कब तक दूसरों की बैसाखियों पर चलते रहेंगे? आने वाले समय में हमारा ध्यान पार्टी का व्यापक विस्तार करने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि अपने बलबूते सत्ता हासिल करने की ताकत उनकी पार्टी में है।

दिव्यांगों को मिली ट्राइसाइकिल
इस मौके पर आठवले ने कहा कि कोल्हापुर के विशेष शिविर में 2267 दिव्यांग भाई-बहनों को 4074 सहायक उपकरण (₹2.13 करोड़) अपने हाथों से देते समय कई आंखें नम हुईं। कई चेहरों पर नई मुस्कान दिखी यही हमारी असली पूँजी है। किसी को ट्राइसाइकिल मिली, किसी को हियरिंग एड; माता-पिता का हाथ थामे एक बच्चे की खुशी देखकर लगा यह काम सिर्फ योजना नहीं..संवेदना है।
