मुंबई: बाथरूम में फिसलकर हुई बेटे की मौत, रात भर शव को हल्दी लगाती रही मां

सांकेतिक तस्वीर
मुंबई: मुंबई में 72 वर्षीय एक मां ने अपने 42 वर्षीय बेटे की लाश के साथ पूरी रात इस उम्मीद में बिताई कि उसका बेटा जिंदा है। मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली यह घटना वकोला पुलिस के अंतर्गत आने वाले कालीना की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार शाम को महिला का बेटा बाथरूम में फिसल गया था। सिर के अंदरूनी हिस्से में गहरी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद उसकी बुजुर्ग मां जब बाथरूम में गई तो बेटे को बेहोश पड़े देखा। बुजुर्ग मां किसी तरह अपने बेटे को बाथरूम से खींचकर हॉल में ले गई। बेहोश समझकर उसके जख्म पर रात भर हल्दी लगा कर उसका इलाज करती रही। सुबह जब अपने बेटे को उठाने लगी, तो वह नहीं उठा।
रिश्तेदार अस्पताल ले गए तब चला पता
हताश होकर मां ने इसकी जानकारी अपने रिश्तेदारों को दी। रिश्तेदारों ने उसके बेटे को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कहा कि रात में ही उसकी मौत हो गई थी। वकोला पुलिस डिविजन के एसीपी अविनाश धर्माधिकारी ने एडीआर दर्ज कर पुलिस अधिकारियों को घटना की जांच करने के आदेश दिए हैं।
