मुंबई: शराबी पति करता था मारपीट, दोनों पत्नियों ने तकिए से मुंह दबाकर की हत्या

मुंबई: शराबी पति की प्रताड़ना से परेशान दो महिलाओं ने अपने 32 वर्षीय पति की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी। यह वारदात गोरेगांव इलाके में शुक्रवार को हुई है। बांगुरनगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान राजू वाघमारे के रूप में हुई है, वह गोरेगांव के भगत सिंह नगर की हनुमान गली में रहता था। राजू की दो पत्नियां और चार बच्चे थे सभी एक साथ रहते थे। सिक्यूरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले राजू को शराब की बुरी लत थी। वह अक्सर शराब पीकर आता था और सविता और सरिता नाम की दोनों पत्नियों से बदसलूकी करता था।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात नशे में धुत होकर राजू घर पहुंचा और उसने एक बार फिर अपनी पत्नी सविता और सरिता से बदसलूकी की। मामला इस कदर बढ़ा कि उसने दोनों की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर नशे में धुत राजू के मुंह पर तकिया रखकर तब तक दबाए रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। राजू के भाई विनोद वाघमारे की शिकायत पर बांगुर नगर पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
