varanasi news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी पुलिस ने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सिगरा स्थित दो अवैध हुक्का बारों पर देर रात छापेमारी कर 17 लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि, इस संयुक्त कार्रवाई में दो संचालक मौके से फरार हो गए। दोनों ठिकानों से भारी मात्रा में हुक्का फ्लेवर, नशीली सामग्री और हुक्का उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वाराणसी पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिगरा पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से देर रात कार्रवाई की। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि सिगरा इलाके में कुछ स्थानों पर नियमों के विरुद्ध हुक्का बार संचालित किए जा रहे हैं, जहां युवाओं को नशे की सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
‘पूर्णिका होटल’में मचा हड़कंप
सबसे पहले पुलिस टीम ने ‘पूर्णिका होटल’ के बेसमेंट में संचालित ‘लव बाइट हुक्कावार’ पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कई लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके से कई युवकों को पकड़ लिया। हालांकि, हुक्का बार के संचालक अभिषेक सोनकर और अजीत बिन्द मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में हुक्का फ्लेवर, हुक्का पॉट और अन्य सामग्री बरामद की है।
‘लार्ड ऑफ शीशा’ पर भी छापेमारी
इसके बाद पुलिस टीम ने आकाशवाणी तिराहे के पास संचालित ‘लार्ड ऑफ शीशा’ नामक हुक्का बार पर छापेमारी की। यहां भी पुलिस को बड़ी मात्रा में हुक्का उपकरण और नशे से जुड़ी सामग्री मिली। कार्रवाई के दौरान इसके संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस सभी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हुक्का बारों में किस प्रकार की सामग्री इस्तेमाल की जा रही थी और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है।
युवाओं में बढ़ते नशे को लेकर पुलिस सख्त
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि शहर में युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बिना अनुमति चल रहे हुक्का बारों और नशे के अड्डों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस फरार संचालकों की तलाश में जुटी हुई है।
