Shri Siddhivinayak Temple News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के प्रभादेवी स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपती मंदिर परिसर के सुशोभीकरण और पुनर्विकास परियोजना के पहले चरण का भूमिपूजन सोमवार, (25 मई 2026) को सीएम देवेंद्र फडणवीस के हाथों संपन्न हुआ। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद मंदिर परिसर को आधुनिक, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप मिलने वाला है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया पर (Shri Siddhivinayak Temple) मंदिर के नए भव्य मास्टर प्लान और प्रस्तावित डिजाइन की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि श्री सिद्धिविनायक मंदिर परिसर अब एक नए रूप के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को तैयार किया गया है, ताकि दर्शन-व्यवस्था अधिक आसान, तेज और व्यवस्थित बनाई जा सके। परियोजना के तहत मंदिर परिसर में एक विशेष कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले करोड़ों गणेशभक्तों को कम समय में सुगमता से भगवान गणेश के दर्शन हो सकेंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारों के बेहतर प्रबंधन, मार्ग व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा-व्यवस्था को भी अत्याधुनिक बनाया जाएगा। सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए आधुनिक निगरानी प्रणाली, नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था और अन्य तकनीकी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सुशोभीकरण परियोजना में केवल मंदिर के सौंदर्यीकरण पर ही नहीं, बल्कि आसपास की सड़कों, यातायात व्यवस्था, प्रतीक्षा क्षेत्र, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन पर भी काम किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य मंदिर परिसर को ऐसा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बनाना है, जहां भक्तों को शांत, स्वच्छ और दिव्य वातावरण का अनुभव हो। CM फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि विकास कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं को अधिक प्रसन्न और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होगी तथा मुंबई की इस आस्था नगरी की पहचान और भी मजबूत होगी।
